भोपाल। समन्वय भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री रोजगार मेला आयोजित हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी नौकरियों में चयनित अभ्यार्थियों को वर्चुअली संबोधित किया। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
यह मेला आज देश के 47 स्थानों पर आयोजित हो रहा है। जिसमें प्रयागराज, लखनऊ, चेन्नई समेत कई स्थान शामिल है। इसके तहत सरकारी नौकरियों में चयनित 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री करण सिंह वर्मा, महापौर मालती राय समेत कई नेता मौजूद रहे। भोपाल में हुए कार्यक्रम में 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
51 हजार युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश के अलग-अलग विभागों में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को पक्की नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी युवा देश की आंतरिक सुरक्षा, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और श्रमिकों के लाभ के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप इंडिया और स्टील इंडिया जैसी योजनाओं के जरिए सरकार युवाओं को रोजगार के नए अवसर दे रही है। आज भारत में सबसे ज्यादा रियल टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन हो रहे हैं और देश डेटा साइंस और इनोवेशन में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार के बजट में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की योजना है, ताकि युवा ग्लोबल स्तर के प्रोडक्ट बना सकें। उन्होंने कहा कि खादी और ग्राम उद्योग का टर्नओवर पहली बार 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हुआ है, जिससे गांवों में रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जल्द ही मुंबई में युवाओं और क्रिएटिव लोगों के लिए एक बड़ा समिट होने जा रहा है, जहां उन्हें स्टार्टअप और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े मौके मिलेंगे।