इंदौर। वार्ड क्रमांक 36 में तलावली चांदा से अरंडिया बायपास तक सड़क बनाने और लाइट पोल लगाने के काम का रविवार को भूमिपूजन हुआ। तीन करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क का भूमिपूजन कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया। ये रोड बनने से यहां के रहवासियों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
32 हजार घरों पर लगा सोलर रूफटॉप सिस्टम
महापौर पुष्य मित्र भार्गव बोले- इंदौर तेजी से स्मार्ट और भविष्योन्मुखी शहर के रूप में विकसित हो रहा है। नगर निगम में शामिल 29 गांवों में आने वाले सभी वार्डों में लगभग 20-20 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम पूरे हो चुके हैं और शेष काम भी जल्द पूरे किए जाएंगे। महापौर ने कहा- हम इंदौर को 2050 तक के लिए तैयार कर रहे हैं।
नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का काम पूरा कर 430 एमएलडी से भविष्य में 900 एमएलडी पानी की आपूर्ति क्षमता बढ़ाई जा रही है। इंदौर के इतिहास में पहली बार एक साथ 23 मास्टर प्लान सड़कों को बनाने का काम 450 करोड़ रुपए की लागत से शुरू हुआ है।
ग्रीन सिटी मिशन के तहत महापौर ने हर साल पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इंदौर को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। अभी तक 32 हजार घरों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जा चुके हैं।