गुना। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल है। हर कोई आतंकवादियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। गुना के मुस्लिम समाज ने आतंकवाद का पुतला जलाकर आतंकवाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। हाथों में तख्तियां लेकर मानव श्रृंखला बनाते हुए प्रदर्शन किया।
शहर काजी नुर उल्लाह यूसुफ जई ने इस मौके पर कहा कि बेगुनाहों का इस तरह मारा जाना किसी को गवारा नहीं है। मुस्लिम समाज इंसानियत का हिमायती समाज है। इंसानियत के खिलाफ उठाया गया हर कदम गलत है आतंकियों और उन्हें पनाह देने वाले पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया जाए।
प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और आतंकवाद मुर्दाबाद लिखी तख्तियां अपने हाथों में पकड़ी हुई थीं। जो पुतला जलाया गया है उस पर पाकिस्तान सेना अध्यक्ष मुर्दाबाद भी लिखा हुआ था।