इंदौर। विजय नगर क्षेत्र में हनुमान जयंती के बाद मंदिर परिसर में लगाए गए भगवा झंडे नगर निगम कर्मचारियों द्वारा हटाए जाने का मामला सुलझ गया है। रहवासियों और हिन्दूवादी नेताओं द्वारा घटना के विरोध में नगर निगम का घेराव करने की चेतावनी के बाद जोन कर्मचारी बैकफुट पर आ गए। उन्होंने माफी मांगी और परिसर में सारे भगवा झंडे, पताकाएं फिर से लगा दिए।
घटना जोन-22 क्षेत्र स्थित बीसीएम हाइट्स के पीछे मंदिर परिसर की है, जहां भक्तों ने धार्मिक आयोजन और भागवत कथा के लिए भगवा ध्वज लगाए थे। बुधवार को वहां निगम की टीम पहुंची और झंडे निकाल दिए। यह घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। मामले में पहले तो निगमकर्मी मना करते रहे लेकिन जब फुटेज बताए तो फिर अपनी गलती स्वीकारी।
स्थानीय रहवासियों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि झंडे वापस नहीं लगाए गए तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा। इसके बाद शनिवार शाम और फिर रविवार को निगमकर्मी मौके पर पहुंचे और सारे भगवा झंडे लगा दिए। रहवासियों का कहना है कि भागवत कथा के लिए आयोजन स्थल को सजाया-संवारा गया है। ऐसे में जिस तरीके से निगमकर्मियों ने भगवा झंडे निकाले थे, इससे उनकी भावना आहत हुई थी।