छतरपुर। जिले के नौगांव में नवीन अनुविभागीय कार्यालय का विधायक कामाख्या प्रताप सिंह एवं कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर एसडीएम नौगांव जी.एस. पटेल, एसडीओपी अमित मेश्राम, नौगांव तहसीलदार रंजना यादव, महाराजपुर तहसीलदार अनिल तलैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद विधायक एवं कलेक्टर ने कार्यालय के मीटिंग हॉल, कोर्ट, एवं एसडीएम कक्ष का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर श्री जैसवाल ने कहा कि इस भवन का निर्माण पीआईयू द्वारा कराया गया है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र की जनता को राजस्व सहित अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा सिटीजन चार्टर का भी पालन किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए है कि समय सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर लोगों को लाभान्वित करें।