नीमच। कभी पिछड़ा और उपेक्षित समझा जाने वाला उपनगर नीमच सिटी अब विकास की नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर है। आजादी के पहले नीमच सिटी मुख्य प्रशासनिक केंद्र हुआ करता था। लेकिन घोर उपेक्षाओं के चलते केंट से सटा होने के बावजूद इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर यह खासा पीछे होता चला गया।
यह अलग बात है कि इस क्षेत्र से नामी गिरामी जनप्रतिनिधि रहे। अब हालात बदलने लगे हैं। अब जन अपेक्षाओं के अनुरूप उपनगर नीमच सिटी में विकास और निर्माण के कार्य हो रहे हैं। वार्ड क्रमांक 1 से लेकर 6 तक जनता की मुखर आवाज़ और जनप्रतिनिधियों की इच्छा शक्ति के चलते विकास कार्यों की श्रृंखला से यहां की तस्वीर बदलने की कवायद की जा रही है। वार्ड क्रमांक एक की बात करें तो रावण रूंडी में बालाजी मार्ग और काल भैरव मार्ग पर वर्तमान नगर पालिका के कार्यकाल में रोड निर्माण हुआ। आंगनबाड़ी केंद्र बनाया गया। मुक्तिधाम में सभागार और महिला स्नान गृह का निर्माण प्रगति पर है। फिल्टर-को, वन विभाग के पीछे वर्षों से कच्चे पड़े मार्ग पर अब सीसी रोड बन रहा है। नीमच सिटी में मनासा रोड से पिपली चौक तक सीसी रोड डामरीकरण और चौड़ीकरण का काम हुआ है। वाटर लाइन डलवाई गई है। पोल शिफ्टिंग, पेवर ब्लॉक का काम भी हुआ है। वार्ड पार्षद राकेश किलोरिया ने बताया कि अभी 26 लाख की लागत से एप्रोच रोड बनाने का कार्य प्रगति पर है। हालांकि अभी समस्याएं और भी है। नालियों का निर्माण साफ सफाई के अलावा कई और जगह पर रोड बनाए जाने है। कहना उचित होगा कि नीमच सिटी और वार्ड क्रमांक एक को विकसित, सुंदर और स्वच्छता में अव्वल नंबर पर लाने के लिए अभी और ज्यादा मेहनत की दरकार होगी।