नीमच। शहर में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वालंटियर्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा यह बताया गया कि बाढ़ की स्थिति में डूबते हुए व्यक्ति को किस प्रकार सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता है तथा आगजनी जैसी आपदाओं से कैसे बचाव किया जाए। प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार, रेस्क्यू तकनीक, और सुरक्षित निकासी की जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) लक्ष्मी गामण, नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), तथा एसडीएम संजीव साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वालंटियर्स का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार की पहल को समय की मांग बताया और आपदा के समय सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में एक मॉक ड्रिल भी कराई गई, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।