शाजापुर। दिनांक 8 जून 2025 को विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड मोहन बड़ोदिया के ग्राम गोदना माली खेड़ी तथा चौकी मुरादाबाद में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष सवाई सिंह सिसोदिया, गुलाना भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भादर सिंह मेवाडा (सरपंच खरसौदा, उन्नतशील कृषक हरि सिंह ठाकुर की उपस्थिति में कृषक चौपाल का सफल क्रियान्वयन हुआ, जिसमें जिला अध्यक्ष द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण कृषकों को किया गया।
इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों में कृषि विज्ञान केंद्र से वैज्ञानिक डॉक्टर गायत्री वर्मा रावल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मोहन बड़ोदिया अमित यादव एवं आत्मा विभाग से राजेश चमन उपस्थित रहे। सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में कृषकों से चर्चा की। कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉक्टर गायत्री वर्मा रावल द्वारा किसानों को विकसित कृषि संकल्प अभियान की रूपरेखा बताते हुए जैविक खेती प्राकृतिक खेती के साथ-साथ खेती में नवाचार को अपनाने तथा उन्नत खेती के साथ-साथ औषधीय फसलों को बढ़ावा देने हेतु हल्दी अदरक अश्वगंधा तुलसी चिया सीड इत्यादि को लगाने हेतु मार्गदर्शन दिया गया। ग्रामीण जनों में रोशन सिंह मेवाडा, सुजान सिंह मेवाडा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार देव मेवाड़ा द्वारा व्यक्त किया गया।