भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुल सचिव को हटा दिया है। इसके साथ ही बरकत उल्ला विश्वविद्यालय के कुल सचिव भी बदले गए हैं। इसके अलावा विभाग ने प्राचार्य, प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, लाइब्रेरियन, क्रीड़ा अधिकारी के थोक तबादले किए हैं। तबादले के विरोध में प्रोफेसरों और असिस्टेंट प्रोफेसरों को कोर्ट जाने से रोकने के लिए विभाग ने एक साथ सूची जारी करने के बजाय हर एम्प्लाई की सिंगल आर्डर वाली तबादला सूची जारी की है। बता दें कि मोहन कैबिनेट ने आज ही तबादला अवधि 17 जून तक बढ़ा दी है।
तबादलों पर एक्शन के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने कोर्ट में केविएट भी लगा रखी है ताकि शासन का पक्ष सुनने के बाद ही कोर्ट तबादले का विरोध कर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने वालों के मामले में फैसला दे।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश में सभी विषयों के प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर प्रभावित हुए हैं। विभाग ने जो सूची जारी की है उसमें 44 लाइब्रेरियन, 97 प्रोफेसर, 32 क्रीड़ा अधिकारी, 286 सहायक प्राध्यापक और दो प्राचार्य शामिल हैं। यह सभी तबादला आदेश 9 जून की डेट में जारी हुए हैं। विभाग के अफसरों के मुताबिक अभी कुछ और प्रोफेसरों के तबादले हो सकते हैं। साथ ही प्राचार्य भी बदले जाएंगे। विभाग ने तृतीय श्रेणी कैडर के 83 कर्मचारियों को भी स्थानांतरित किया है।
इन सहायक कुल सचिवों के भी तबादले
आदेश के अनुसार अमन अग्रवाल सहायक कुल सचिव पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय शहडोल को सहायक कुल सचिव महाराज छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर, दुर्गेश कुमार पेंद्रो सहायक कुल सचिव महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट सतना से सहायक कुलसचिव पंडित शम्भूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय शहडोल, पंचम लाल सहायक कुल सचिव रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर को सहायक कुल सचिव रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय सागर, सुनीता देवड़ी सहायक कुल सचिव रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर को सहायक कुल सचिव पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय शहडोल तथा पवन साहू सहायक कुल सचिव पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय शहडोल को सहायक कुल सचिव रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर पदस्थ किया है।
ग्रामीण आजीविका मिशन ने किए सहायक विकासखंड प्रबंधकों के तबादले
उधर पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अधीन ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से 9 जून को सहायक विकासखंड प्रबंधकों की पहली सूची जारी की गई है जिसमें 6 प्रबंधक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस विभाग की दो सूची अभी जल्द जारी होने वाली हैं। इसके अलावा पंचायत और ग्रामीण विकास के मनरेगा, आरईएस, पंचायत राज के अफसरों और कर्मचारियों की सूची भी जारी होने वाली है।
वाणिज्यिक कर विभाग में 19 अफसरों के स्थानांतरण
वाणिज्यिक कर विभाग ने वाणिज्यिक कर अधिकारी, सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी और उच्च पद के प्रभार वाले वाणिज्यिक कर अधिकारियों के तबादले किए हैं। विभाग ने अलग-अलग सूची के जरिये 19 अफसरों को इधर से उधर किया है। इस विभाग के अधीन पंजीयन और आबकारी विभाग से संबंधित जिला और सहायक जिला अधिकारी, सब रजिस्ट्रार, आबकारी निरीक्षक, आबकारी उपनिरीक्षकों की सूची जारी होना बाकी है।
आज जारी होगी कई अन्य विभागों की तबादला सूची
शासन द्वारा पूर्व में दस जून को तबादला आदेश जारी करने की समय सीमा तय किए जाने के चलते आज कई अन्य विभागों की भी तबादला सूची जारी होने की संभावना है।