चीताखेड़ा। मध्यप्रदेश जय मीनेष कल्याण बोर्ड, भोपाल की बैठक राजधानी में बोर्ड अध्यक्ष लालाराम मीणा (सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) के सरकारी आवास पर संपन्न हुई। बैठक में बोर्ड के नव-नियुक्त विधानसभा प्रतिनिधियों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमर सिंह मीणा भी मौजूद रहे। नीमच विधानसभा क्षेत्र से केसरीमल मीणा (चेनपुरा) को बोर्ड का विधानसभा प्रतिनिधि नियुक्त किया गया, जिन्हें विधिवत रूप से नियुक्ति प्रमाण-पत्र सौंपा गया।
नवनियुक्त प्रतिनिधि केसरीमल रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि बोर्ड का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, विशेष रूप से युवाओं, को प्रशिक्षण व रोजगार के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नियुक्त प्रतिनिधि का कार्य मीणा समाज के विकास, युवाओं के उत्थान, और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करना है। जय मीनेष कल्याण बोर्ड सरकारी व निजी संस्थानों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।