सीहोर। सावन सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीवन नदी के तट पर पहुंचे। कांवड़ियों ने नदी से जल भरा और ‘बम-बम भोले’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ कुबेरेश्वर धाम की ओर रवाना हुए।
सुबह से ही कांवड़िए कांवड़ और ध्वज लेकर आगे बढ़ते नजर आए। डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। मार्ग में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह फलाहार और जल सेवा के स्टॉल भी लगाए गए।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावन सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व माना जाता है। वहीं, नागपंचमी पर नाग देवता की पूजा की जाती है।
श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सीवन नदी से जल लेकर कुबेरेश्वर धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामना पूरी होती है।