कुकड़ेश्वर। ग्राम पंचायत गणेशपुरा में प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच का कीचड़ से भरा रास्ता ग्रामीणों और खासकर स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत बन गया है। बारिश के इस मौसम में स्थिति और भी विकराल हो गई है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अब तक न तो पक्का सड़क बनाई गई है और न ही नाली की उचित व्यवस्था की गई है। बारिश का पानी जमा होकर कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। छोटे-छोटे बच्चों के लिए स्कूल और आंगनबाड़ी पहुंचना एक चुनौती बन चुका है।
वरिष्ठ ग्रामीण डॉ. डी. आर. करेशिया ने बताया कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस रास्ते का पक्कीकरण करवाया जाए और उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों की एकजुट मांग है कि प्रशासन इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करे, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।