चित्तौड़गढ़। बेगू थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 48.950 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार को जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ को लेकर सभी थानाधिकारियों व विशेष टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवतसिंह हिगड़ (रावतभाटा) के निर्देशन और वृत्ताधिकारी बेगू अंजलि सिंह (RPS) के सुपरविजन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

थाना स्टाफ- उपनिरीक्षक शिवराज, कांस्टेबल विजयसिंह, ललितसिंह, बालकृष्ण, जगदीप, कमलेश, मनोहर और हरमेन्द्र ने कोटा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर गोरला-सूरतपुरा के पास नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान काटूंदा की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार रोकने की बजाय भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और स्टॉप स्टिक की सहायता से कार का टायर पंक्चर कर दिया। इसके बावजूद आरोपी कार को हाईवे किनारे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन घने जंगल और दूरी अधिक होने के कारण आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

स्वीफ्ट कार की तलाशी लेने पर उसमें 3 बोरियों में कुल 48.950 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त करते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
