शहडोल। हर किसी के जीवन में जन्मदिन खास होता है, लेकिन पुलिसकर्मियों के लिए यह दिन भी अक्सर ड्यूटी की भेंट चढ़ जाता है। मगर अब शहडोल में हालात बदल गए हैं। जिले के पुलिसकर्मियों को उनके जन्मदिन पर एक ऐसा तोहफा मिल रहा है, जो न सिर्फ उन्हें सुकून दे रहा है बल्कि उनके परिवार को भी मुस्कुराने की वजह दे रहा है।
शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव की अनूठी पहल के तहत अब जिले में पदस्थ आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों को जन्मदिन के दिन एक दिन की विशेष छुट्टी दी जा रही है, ताकि वे अपने परिजनों और दोस्तों के साथ इस खास दिन को मना सकें, इस छुट्टी के तहत पुलिसकर्मियों को मुख्यालय छोड़ने की भी अनुमति दी गई है, यानी वे चाहें तो शहर से बाहर जाकर भी अपने जन्मदिन का जश्न मना सकते हैं। इतना ही नहीं, यदि किसी थाने में एक ही दिन में तीन या उससे अधिक पुलिसकर्मियों का जन्मदिन आता है, तो थाना प्रभारी को यह अधिकार है कि वे अवकाश की तारीखें आपसी सहमति से आगे-पीछे कर सकते हैं, ताकि थाने के कार्यों पर असर न पड़े।
दिसंबर 2024 से जून 2025 तक 461 पुलिसकर्मियों को उनके जन्मदिन पर छुट्टी दी जा चुकी है।जुलाई माह में 180 पुलिसकर्मियों के जन्मदिन पर छुट्टी प्रस्तावित है।एसपी की इस नई पहल से पुलिसकर्मियों में जबरदस्त उत्साह है। जन्मदिन पर ड्यूटी की जगह परिवार के बीच रहना उनके लिए मानसिक सुकून और नई ऊर्जा का स्रोत बन रहा है। पुलिसकर्मियों के परिजन भी इस फैसले से बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि कार्य की अधिकता के कारण उनके विशेष दिनों पर बर्थडे एनिवर्सरी पर अवकाश नहीं मिल पाता है,कई बार त्यौहारों में भी अवकाश नहीं मना पाते है इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कर्मचारी के जन्मदिवस पर पूर्व से ही एक दिन का अवकाश स्वीकृत किया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी पुलिसकर्मी के जन्मदिन के दिन क्षेत्र में गंभीर कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उस कर्मचारी का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा सकता है।