नीमच। शहर में नगरपालिका द्वारा चलाया जा रहा ई-केवाईसी अभियान ज़ोरों पर है। इस पहल के तहत, शहरवासी अपने आधार कार्ड, समग्र आईडी और मोबाइल नंबर को लिंक करवा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक लगभग 75 प्रतिशत नागरिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शेष 25 प्रतिशत को भी जल्द ही इसमें शामिल किया जाएगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए नगर पालिका कार्यालय में 10 से 12 जुलाई तक एक विशेष निःशुल्क ई-केवाईसी शिविर आयोजित किया गया।नगरपालिका के समग्र ई-केवाईसी प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि यह प्रक्रिया निशुल्क है, जबकि एमपी ऑनलाइन पर इसके लिए शुल्क लिया जाता है। आर्य ने यह भी बताया कि ई-केवाईसी के बिना जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, बैंक खाता खुलवाना, पासपोर्ट बनवाना और किसी भी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करना संभव नहीं होगा। साथ ही, ई-केवाईसी न होने पर समग्र से नाम हटाने की कार्यवाही की जा सकती है, जिसके लिए हितग्राही स्वयं ज़िम्मेदार होंगे।