नीमच। मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता के प्रयासों से नीमच को आज दोहरी रेल सौगात मिली है। जोधपुर-नांदेड़ के बीच एक नई लंबी दूरी की नियमित ट्रेन सेवा आज से शुरू हो गई है, जिससे नीमच, मंदसौर और जावरा के यात्रियों को प्रतिदिन की रेल सुविधा मिल सकेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से विशेष रूप से उज्जैन और भोपाल जैसे महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। आज जोधपुर के भगत की कोठी स्टेशन से इस ट्रेन का विधिवत शुभारंभ हुआ। नीमच स्टेशन पर भी उत्सव का माहौल देखा गया, जहाँ विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, आदित्य मालू सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। यह ट्रेन जोधपुर से चलकर नीमच, मंदसौर और जावरा होते हुए रतलाम, उज्जैन और भोपाल के रास्ते महाराष्ट्र के नांदेड़ तक जाएगी।
वापसी में यह ट्रेन नांदेड़ से काचीगुड़ा (हैदराबाद) होते हुए जावरा, मंदसौर और नीमच पहुंचेगी और फिर चित्तौड़गढ़, अजमेर और पाली होते हुए जोधपुर पहुंचेगी। सांसद गुप्ता ने बताया कि यह नियमित ट्रेन यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी देगी, खासकर नीमच, मंदसौर और जावरा के लोगों को उज्जैन और भोपाल के लिए रोज़ाना सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।