नीमच। जिले के समीपस्थ ग्राम कनावटी निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान कँवरलाल पिता मनोहरलाल का शुक्रवार को पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन एवं शुभचिंतक शामिल हुए। सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय कँवरलाल दिल्ली में सीआरपीएफ में पदस्थ थे और अवकाश पर अपने पैतृक गांव कनावटी आए हुए थे। इसी दौरान घर की पानी की टंकी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक पहुंचे और नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस भावुक क्षण में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले जवान कँवरलाल के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।