छतरपुर। जिले में रेलवे पुल निर्माण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। खजुराहो-ललितपुर रेलवे लाइन पर केन नदी के पास बन रहा पुल अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अशोक कुशवाहा नामक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। अशोक कुशवाहा गंभीर हालत में,अरविंद प्रजापति,पांडव, सानुज कुमार घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, मजदूर पुल के फ्लोर में नीचे काम कर रहे थे, तभी ऊपर से लोहे की जाल की संरचना गिर पड़ी। घायल अरविंद प्रजापति ने बताया कि जाल बनाते समय वह ढीला बांधा गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के वक्त पूरा स्टाफ मौजूद था और मशीनों की मदद से मजदूरों को निकाला गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की शिकायतें पहले भी राजनगर प्रशासन से की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब यह लापरवाही एक गंभीर हादसे में तब्दील हो गई।
खजुराहो थाना अंतर्गत अकौना चौकी के केन नदी पर रेलवे पुलिया का काम चल रहा था। नीचे पानी भरा था और मजदूर लोहे की रॉड लगा रहे थे। रॉड फिसलने से यह हादसा हुआ। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों और मजदूर संगठनों ने इस घटना को लेकर उच्च स्तरीय जांच और निर्माण कार्य की निगरानी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा उपाय समय रहते अपनाए जाते, तो यह हादसा रोका जा सकता था।निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।