छतरपुर। जिला के राजनगर के ग्राम नवादा के आदिवासियों ने वन विभाग खजुराहो परिक्षेत्र के खिलाफ जिला कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि वन विभाग के कर्मचारी आदिवासियों को धमका रहे हैं और उन्हें उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं।
आदिवासियों ने बताया करीब 150 वर्षों से वे अपनी भूमि पर खेती कर रहे हैं, जिस पर उनके पूर्वजों को शासन द्वारा पट्टे 1939 में आवंटित किए गए थे। वन विभाग के अधिकारी कथित रूप से कह रहे हैं कि अगली फसल बोई तो सभी पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
14 जुलाई 2025 को रेंजर स्तर के अधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से चेतावनी दी कि भूमि खाली करो, वरना कार्रवाई की जाएगी।
प्रमोद आदिवासी सहित समस्त आदिवासीगणों ने ज्ञापन में कहा कि यदि उन्हें भूमि से हटाया गया तो उनके पास रोज़गार और जीविका का कोई अन्य साधन नहीं बचेगा और वे भूखमरी की स्थिति में आ जाएंगे। वन विभाग के कुछ कर्मचारी रूपयों की भी अवैध वसूली कर रहे हैं और केस में फंसाने की धमकी देकर मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं।