खरगोन। जिले के कसरावद के बलकवाड़ा क्षेत्र में शुरु की गई महती उद्वहन सिंचाई योजना से क्षेत्र के बेसरकुंड, धरमपुरी, पोखर और नारायणपुरा के साथ ही बलकवाडा के किसानों ने योजना से लाभ दिए जाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि करीब 400 हेक्टेयर रकबे में योजना के लाभ से किसान वंचित है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे कृषक प्रकाश पटेल, मुनीम पटेल, पवन पटेल आदि ने बताया कि वर्तमान में बारिश की कमी से बेसरकुंड पोखर तालाब पूरी तरह खाली पड़ा है। तालाब में पानी नही होने से सिंचाई के साथ ही पशुओं के लिए पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। गांव से गुजर रही उद्वहन योजना से भी कुछ किसानों को जोड़ा तो गया है लेकिन पानी नही दिया जा रहा। हमारी मांग है कि योजना से गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी दिए जाने के साथ ही तालाब में भी पानी छोड़ा जाए, जिससे पशुओं के लिए पेयजल मिल सके।