नीमच। आगामी त्यौहारों महाअष्टमी और दशहरा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन उमेष जोगा और पुलिस उपमहानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल 24 सितंबर 2025 को नीमच पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने जिला के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक ली।
बैठक में नवरात्रि स्थापना स्थलों और गरबा पांडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, 24 घंटे वालंटियर तैनात करने, विवादित स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, गरबा पांडालों एवं हॉटस्पॉट्स पर निर्भया मोबाइल्स के माध्यम से सतत भ्रमण सुनिश्चित करने और त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद 25 सितंबर को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अनुभाग मनासा के पुलिस थाना मनासा, पुलिस थाना कुकड़ेश्वर और पुलिस थाना रामपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हवालातों की साफ-सफाई, रोशनदान की स्थिति, शौचालय की सफाई, सीसीटीवी कैमरों का संचालन और थाना क्षेत्र में अपराधों के निराकरण हेतु निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इस तीन दिवसीय भ्रमण का उद्देश्य त्यौहारों के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित करना और पुलिस थानों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना था।