दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जनजातीय गौरव दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिनमें भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा परशुराम अहिरवार, कलेक्टर स्वप्निल वानखडे,पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, पुनीत टिलवानी, भूरे चौधरी शामिल रहे। जिला संयोजक गिरिजा साहू सहित अन्य अधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा जिले के जनजातीय वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम में जिले में संचालित विभिन्न जनजाति- कल्याण योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए। मेधावी विद्यार्थी योजना, आहार अनुदान योजना,भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना,महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इस दौरान चिकित्सा विभाग द्वारा जनजातीय हितग्राहियों को मुख्य अतिथियों के कर-कमलों से फूड बास्केट प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत वन विभाग, उद्योग विभाग, एनआरएलएम, मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अतिथियों ने अवलोकन किया और विभागीय नवाचारों तथा जनजातीय कल्याण से जुड़ी जानकारियों की सराहना की।अंत में कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जनजातीय गौरव दिवस पर दिए गए संबोधन तथा लाइव प्रसारण को सामूहिक रूप से देखा। इस दौरान सभी प्रशासनिक अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।