मंदसौर। मंदसौर शहर की लाभमुनि कॉलोनी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधान आरक्षक नासिर के घर में एक ब्लैक कोबरा दिखाई दिया। सुबह-सुबह कमरे में सांप नजर आने से परिवार घबरा गया। सबसे पहले प्रधान आरक्षक के बेटे ने सांप को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) अभिषेक पाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का सावधानीपूर्वक निरीक्षण कर बिना समय गंवाए रेस्क्यू कार्य शुरू किया। करीब पांच फीट लंबा यह ब्लैक कोबरा प्रजाति का सांप था, जिसे एएसआई पाल ने पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षित रूप से पकड़ा।

जंगल में छोड़ा गया सांप-
रेस्क्यू के बाद एएसआई अभिषेक पाल ने सांप को शहर से दूर जंगल में छोड़ दिया, ताकि उसे क्षति न पहुँचे और किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उनकी तत्परता और दक्षता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी घर या आसपास सांप दिखाई दे तो स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें। तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित कर्मी उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर सकें।
