चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में बुधवार को लगभग दो महीने बाद भंडार खोला गया। इस बार भंडार खोलने और गिनती की पूरी व्यवस्था मुख्य परिसर की बजाय पहली बार सत्संग भवन में की गई। बुधवार सुबह 11 बजे राजभोग आरती के बाद गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई, जो देर शाम तक जारी रही।

पहले ही दिन करोड़ों की गिनती पूरी-
मंदिर प्रशासन के अनुसार दीपावली के कारण दो महीने तक भंडार नहीं खोला गया था, इसी वजह से दान पेटियों में बड़ी मात्रा में धन जमा हुआ। गणना के पहले दिन ही दान पेटियों से 12 करोड़ 35 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई। भीड़ और दान की बढ़ती मात्रा को देखते हुए इस बार गिनती की प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित किया गया। सत्संग भवन में बड़ी टीम नियुक्त की गई ताकि पूरा काम सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से हो सके।

आज गुरुवार को भी जारी रहेगी गिनती-
अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन की गिनती के बाद भी कई पेटियां खुलना बाकी हैं। इसलिए आज गुरुवार को भी गणना जारी रहेगी। अनुमान है कि कुल राशि इस बार पिछले भंडार की तुलना में काफी अधिक हो सकती है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और पूरा क्षेत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।

दान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी-
सांवलिया जी मंदिर मेवाड़ का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। विशेष अवसरों व त्योहारों पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि हाल के वर्षों में दान करने वाले भक्तों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके चलते हर बार भंडार खोलने पर करोड़ों रुपए की राशि प्राप्त हो रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को देखते हुए मंदिर परिसर में सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
