मंदसौर। विश्व प्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के दानपात्रों की दो दिवसीय गणना पूर्ण हो गई है। 18 और 19 नवंबर को हुई इस गणना में कुल 22 लाख 81 हजार 120 रुपए का दान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही 148 ग्राम चांदी तथा कई देशों की विदेशी मुद्राएं भी मिलीं। मंदिर प्रबंधन ने पूरी राशि जिला सहकारी बैंक में जमा करा दी है।
पहले दिन मिले 17 लाख से अधिक-
मंदिर प्रशासन ने बताया कि 18 नवंबर को हुई गणना में 17 लाख 48 हजार 150 रुपए प्राप्त हुए। दूसरे दिन 19 नवंबर को 5 लाख 32 हजार 970 रुपए की राशि निकली। दोनों दिनों में कुल दान 22 लाख 81 हजार 120 रुपए रहा।
चार देशों की करेंसी मिली-
दानपात्र से भारतीय मुद्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित विदेशी करेंसी भी प्राप्त हुई। इनमें शामिल हैं- अमेरिका के 5 डॉलर, नेपाल के 3 नोट, संयुक्त अरब अमीरात (यूएआई) के 6 नोट, मोज़ांबिक का 1 नोट। इसके अलावा 148 ग्राम चांदी भी दानपात्र से निकली।
बैंक में जमा की गई राशि-
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, प्राप्त दान राशि को नियमानुसार जिला सहकारी बैंक में जमा करा दिया गया है।