रतलाम। सरसी गांव स्थित महावीर कॉन्वेंट स्कूल में गुरुवार को विशेष स्नेह-श्रद्धा उत्सव के तहत मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना से हुई। अतिथियों का स्वागत दुपट्टा एवं शील्ड भेंट कर किया गया।
भावनाओं से भरे इस आयोजन में विद्यार्थियों ने पूजा की थाली सजाकर अपने माता-पिता का तिलक किया, पुष्प-माला पहनाई और आरती उतारी। स्कूल परिवार ने इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में माता-पिता के प्रति सम्मान, श्रद्धा और सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया। मंच पर प्रस्तुत सांस्कृतिक, देशभक्ति गीत और नृत्यों ने माता-पिता के महत्व को अभिव्यक्त किया। अपने बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर कई पालक भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम हो गईं।
स्कूल डायरेक्टर मनीष चत्तर ने बताया कि महावीर कॉन्वेंट स्कूल बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नए संस्कार और ऊर्जा प्रदान करने का सतत प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि स्कूल में नर्सरी से कक्षा 10वीं तक लगभग 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। स्कूल प्राचार्य सौम्या भावसार ने कहा कि यह आयोजन बच्चों और माता-पिता के प्रेम, सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त बनाता है। आज के समय में बच्चों में संस्कार और आदर का भाव जगाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में परम पूज्य गुरुदेव संस्कार ऋषि दिनेश व्यास, सुरेश शास्त्री, गुरुदेव विनोद शर्मा, राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता तथा सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार उपस्थित रहे। साथ ही अभय सुराणा, धीरज सिंह राठौड़, जगदीश गरगामा, शांतिलाल बम्बोरिया, विनोद दागी, पूर्णेंदु जोशी सहित कई अतिथियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। संपूर्ण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।