मंदसौर। मेवातीपुरा क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सामने आ रही गंभीर खामियों को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में नागरिक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। सामाजिक कार्यकर्ता मजीद चौधरी के नेतृत्व में लोगों ने कलेक्टर के नाम इलेक्शन सुपरवाइजर सुनीता परमार को ज्ञापन सौंपा।
निवासियों का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया में मांगे गए गणना प्रपत्र के अनुसार जब उन्होंने वर्ष 2003 की मतदाता सूची देखी, तो सैकड़ों लोगों के नाम सूची से गायब मिले। कई परिवारों के माता-पिता और बुजुर्गों के नाम भी नहीं पाए गए, जबकि वे वर्षों से मेवातीपुरा के स्थायी निवासी हैं और पुराने पहचान पत्र तथा मतदान रिकॉर्ड रखते हैं। विवाहित महिलाओं को भी फॉर्म जमा करने में परेशानी आ रही है, क्योंकि उनके मायके पक्ष के नाम 2003 सूची में न होने से 2025 की एसआईआर सूची में उनका नाम दर्ज न होने की आशंका बढ़ गई है। इलेक्शन सुपरवाइजर सुनीता परमार ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि सूची की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। नागरिकों ने एसआईआर फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर से पहले त्वरित समाधान की मांग की है।