मंदसौर। मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी रतलाम के कमान अधिकारी कर्नल राघवेंद्र सिंह और सूबेदार मेजर जयपाल सिंह के मार्गदर्शन में मंदसौर जिले की विभिन्न एनसीसी इकाइयों द्वारा 77वां एनसीसी स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ट्रूप 224 (क्रमांक 2 विद्यालय), ट्रूप 156 (उत्कृष्ट विद्यालय) तथा 2/21 कंपनी (राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय) के कुल 345 कैडेट समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रामादेवी गुर्जर, अध्यक्षता पूर्व जिला न्यायाधीश रघुवीर सिंह चुंडावत ने की। उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला, पूर्व राज्य मंत्री अजय सिंह चौहान, डॉ. आर.के. द्विवेदी, पूर्व एनसीसी अधिकारी लोकेंद्र कुमार डाबी, बीईओ आनंद डावर सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।
कैडेटों ने वृद्ध आश्रम में बिताया समय-
स्थापना दिवस पर कैडेटों ने वात्सल्य धाम का दौरा कर बुजुर्गों से मुलाकात की। कविता, देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और बुजुर्गों को फल-बिस्किट वितरित किए। इसके बाद स्वच्छता रैली निकाली गई।
नगर पालिका गार्डन में आयोजन-
रेवास–देवड़ा मार्ग स्थित गार्डन में कैडेटों ने एनसीसी की गतिविधियों और वर्षभर किए जाने वाले प्रशिक्षण की जानकारी अतिथियों को दी। मुख्य अतिथियों ने कैडेटों को अनुशासन, एकता, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया।
डॉ. द्विवेदी ने कैडेटों को क्षय रोग निवारण अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने का संदेश दिया, वहीं लोकेंद्र डाबी ने एनसीसी ‘A’, ‘B’, ‘C’ प्रमाणपत्रों के लाभ बताए। कार्यक्रम अध्यक्ष चुंडावत ने संविधान, कर्तव्यों, पर्यावरण संरक्षण और महिला सम्मान पर मार्गदर्शन दिया।
उत्कृष्ट कैडेटों का सम्मान-
पूरे वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले आयुष निनामा, करण रावत, भूमिका ग्वाल, अरुण भाटी, राधिका पाटीदार सहित कई कैडेटों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय सिंह पुरावत ने किया और आभार प्राचार्य रविंद्र दवे ने व्यक्त किया।