नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में 23-24 नवंबर 2025 की दरम्यानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त चलाई गई। सभी थाना व चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़, बदमाशों की निगरानी, होटल-लॉज चेकिंग एवं अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सघन अभियान चलाया।
कार्रवाई के प्रमुख बिंदु-
नीमच पुलिस द्वारा 23-24 नवंबर की दरम्यानी रात की गई कॉम्बिंग गश्त में 10 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग की गई, जिसमें लगभग 200 वाहनों की जांच कर 11 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 7,300 का समन शुल्क वसूला गया तथा शराब पाकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 153 वारंट तामील किए गए, जिनमें 54 स्थाई और 99 गिरफ्तारी वारंट शामिल रहे। इनमें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 4, शरीर संबंधी अपराधों के 69 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 27 वारंट तामील कर लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा गया। इसी दौरान 89 निगरानी बदमाशों की गतिविधियों, आमद-रफ्त और चाल-चलन की जांच की गई, जबकि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए 64 होटल, लॉज और ढाबों का निरीक्षण किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 18 प्रकरण दर्ज कर कुल 95 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। साथ ही शस्त्र अधिनियम में 1 और जुआ अधिनियम में 2 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। पुलिस ने जिले में 40 अनावेदकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की, जबकि महिला संबंधी अपराधों के 5 आदतन आरोपियों की विशेष चेकिंग की गई। वर्ष 2025 में यह 11वीं कॉम्बिंग गश्त रही और अब तक इन गश्तों के दौरान पुलिस द्वारा कुल 1368 वारंट तामील किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने कहा कि जिले में कानूनदृव्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलते रहेंगे।