जावद। जावद क्षेत्र के अठाना अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुरा में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के चने के खेत में 12 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। खेत में काम कर रहे किसान ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद वन विभाग को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वनरक्षक पंकज माली ने बताया कि अजगर की लंबाई करीब 12 फीट और वजन लगभग 35 किलोग्राम था। अजगर काफी फुर्तीला होने के कारण उसे काबू में करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं और तुरंत विभाग को सूचना दें।