नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी 45 वर्षीय ओंकार सिंह पिता हिम्मत सिंह चुंडावत की उदयपुर में उपचार के दौरान मौत के बाद शनिवार को परिजन उनका शव लेकर नीमच पहुंचे। परिजन शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वहीं अड़ गए। परिजनों ने ओंकार सिंह के ससुराल पक्ष के लोगों पर अपहरण और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपियों को पुलिस द्वारा राउंडअप किए जाने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे ओंकार सिंह को उनके साले हेमंत सिंह पिता प्रताप सिंह चौहान, उनकी पत्नी पुष्पा कुंवर और सास कथित रूप से अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि इस दौरान ओंकार सिंह के साथ मारपीट की गई।
परिजनों ने बताया कि 4 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे ओंकार सिंह को भिंडर से करीब दो किलोमीटर आगे छोड़ दिया गया, जहां उनके साथ सड़क दुर्घटना होने की बात सामने आई। गंभीर रूप से घायल ओंकार सिंह को उपचार के लिए उदयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि उदयपुर से शव को नीमच लाते समय ओंकार सिंह की पत्नी पुष्पा कुंवर और ससुराल पक्ष के लोग धीनवा टोल के पास शव को छोड़कर चले गए। इसके बाद परिजन शव लेकर नीमच पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे।
मामले की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल ओंकार सिंह का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस एवं परिजनों के बीच चर्चा जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।