देवास। उज्जैन बायपास स्थित पशु हाट क्षेत्र में युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गले पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान राकेश मालवीय के रूप में हुई है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय में भेजा गया।एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
परिजनों के अनुसार राकेश गुरुवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 2 बजे पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।