नीमच। रामपुरा तहसील के ग्राम जन्नौद निवासी मोहनलाल अहिरवार ने कलेक्टर नीमच को शिकायत देकर उनकी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार खसरा क्रमांक 273 की शामलाती भूमि में उनके हिस्से की 0.202 हेक्टेयर जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रार्थी का आरोप है कि उन्हें एवं उनकी पत्नी को भूमि पर जाने से रोका जा रहा है तथा विरोध करने पर धमकाया जा रहा है।
मोहनलाल अहिरवार ने बताया कि मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन को आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपितों के कारण वे अपनी भूमि का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
किसान ने कलेक्टर से भूमि का वैधानिक कब्जा दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।