चित्तौड़गढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 24 जनवरी को बालिकाओं के महत्व के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, चित्तौड़गढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर छात्राओं के लिए बेटी बचाओ विषय पर रंगोली, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विभाग की ओर से प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कन्याओं को बोझ समझते हैं, उन्हें सही मार्ग दिखाने और कन्या-शक्ति को समाज के सामने लाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हम उस देश के नागरिक हैं, जहां कन्या को देवी दुर्गा के रूप में पूजा जाता है। डॉ. वर्मा ने बालिकाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए किशोरी स्वास्थ्य एवं सर्वाइकल कैंसर से संबंधित एचपीवी टीकाकरण की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी शफीक इकबाल शेख ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से छात्राओं एवं छात्रों को गिरते लिंगानुपात के कारण एवं दुष्परिणाम, पीसीपीएनडीटी अधिनियम तथा नवीन मुखबिर योजना की जानकारी दी। उन्होंने भ्रूण लिंग परीक्षण की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 108/104 एवं व्हाट्सएप नंबर 9799997795 की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के प्राचार्य अनिल जॉर्ज ने बताया कि बालिका शिक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से ही एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना राज्य सरकार द्वारा की गई है। यह संस्थान बालिकाओं की तकनीकी शिक्षा के लिए समर्पित है और भविष्य में भी चित्तौड़गढ़ जिले की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें समाज में समान अवसर प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के अंत में 150 वंदे मातरम् के उपलक्ष्य में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। कार्यक्रम में मल्लिका शेख, कमलेश धाकड़, राजेश कुमावत, जुनमल धाकड़, हिमानी वर्मा सहित एएनएम ट्रेनिंग सेंटर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।