चित्तौड़गढ़। जिले में बाल विवाह मुक्त भारत के तहत संचालित 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई तथा बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल के मार्गदर्शन में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा द संस्कार पब्लिक स्कूल, मोहर मगरी में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम एवं इसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई।
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बताया कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है, जहां शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। इसके अतिरिक्त गुड टचदृबैड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन सेवाएं तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न बाल संरक्षण योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, काउंसलर करण जीनवल, केस वर्कर श्रीमती सीमा राजोरा, विद्यालय की प्रिंसिपल शीतल काबरा, वाइस प्रिंसिपल भगवान सिंह राजावत, एडमिट हेड सागर सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।