चित्तौड़गढ़। गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह 26 जनवरी को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतम कुमार दक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा ध्वजारोहण कर मार्च-पास्ट की सलामी लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9:05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात परेड निरीक्षण, मार्च-पास्ट की सलामी, महामहिम राज्यपाल के संदेश का वाचन, मुख्य अतिथि का संबोधन एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
समारोह के दौरान व्यायाम एवं जिमनास्टिक प्रदर्शन, सामूहिक नृत्य तथा आकर्षक झांकियों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम-
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सायं 6 बजे इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।