खरगोन। गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर खरगोन शहर के बोहरा बाखल क्षेत्र में बोहरा समाज द्वारा सुबह वॉकाथॉन (दौड़) का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना एवं सैयदना साहब की खुशी और उनके फरमानों का पालन करना रहा।
सहायक आयुक्त इकबाल आदी हुसैन ने बताया कि सैयदना साहब द्वारा हमेशा यह संदेश दिया गया है कि सुबह की सैर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक होती है, जिससे शारीरिक और मानसिक रूप से व्यक्ति स्वस्थ रहता है। इसी संदेश को समाज तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन किया गया, ताकि लोगों को सुबह की वॉक के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि “अच्छी सेहत से अच्छा मन रहता है और बेहतर कार्यक्षमता विकसित होती है।” इसी उद्देश्य के साथ वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। वॉकाथॉन की शुरुआत बोहरा बाखल मस्जिद से हुई, जो बावड़ी बस स्टैंड, डायवर्सन रोड बस स्टैंड, श्रीकृष्ण तिराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा होते हुए पुनः मस्जिद पर समाप्त हुई। इस आयोजन में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।