जबलपुर। मां नर्मदा के प्राकट्योत्सव के अवसर पर रविवार 25 जनवरी को जबलपुर में भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। रेतनाका गौरीघाट से उमाघाट तक मां नर्मदा का रथ निकलेगा, जिसका नेतृत्व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह करेंगे। रथयात्रा में स्वामी गिरीशानंद जी सरस्वती सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहेंगे।
रथयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और भक्तजन रथ को खींचते हुए मां नर्मदा घाट तक पहुंचेंगे। उमाघाट पर विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया जाएगा। इस अवसर पर मां नर्मदा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर आयोजित यह रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक होगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंत्री राकेश सिंह ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर मां नर्मदा के दर्शन करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
जगद्गुरु शंकराचार्य भी शहर आएंगे
द्वारका शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज आज जबलपुर नगर आएंगे। उनका नगर आगमन दोपहर 3 बजे होगा।
जबलपुर पहुंचने के बाद वे नव निर्मित काली माता मंदिर मिलौनीगंज के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे न्यू जगदंबा कॉलोनी स्थित मातेश्वरी गार्डन, चेरिटेबल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
यहां श्री नगर पंडित सभा के तत्वावधान में पत्रिका लोकार्पण और पादुका पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज शामिल होंगे।
25 नवंबर को मां नर्मदा प्रकटोत्सव के मौके पर जबलपुर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
नर्मदा घाटों पर सामूहिक पूजन, आरती और दीपदान का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
ग्रामीण अंचल के गांव-गांव में भजन-कीर्तन और स्थानीय स्तर पर नर्मदा पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी सामाजिक व धार्मिक समितियों को सौंपी गई है।
आज शाम भेड़ाघाट में निर्झरणी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन एवं जबलपुर पुरातत्व एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में बुंदेली लोकगायन, नर्मदा केंद्रित नृत्यनाटिका और भक्ति गायन की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में नरसिंहपुर के राजेश दुबे, भुवनेश्वर की शर्मिष्ठा रानी पांडा तथा नर्मदापुरम की युवा गायिका दामिनी पठारिया अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव में प्रवेश निरूशुल्क रहेगा।