देवास। 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह से पहले पुलिस परेड ग्राउंड पर फुल ड्रेस रिहर्सल (अंतिम अभ्यास) आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रिहर्सल के अंतर्गत परेड के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मार्च पास्ट एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूर्ण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। समारोह को भव्य एवं अनुशासित बनाने के लिए सभी विभाग पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
फायनल रिहर्सल के अवसर पर अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एएसपी ट्रैफिक एच.एन. बाथम, एसडीएम देवास अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।