शामगढ़। थाना शामगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए शराब तस्करी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 123 लीटर अवैध शराब और दो चार पहिया वाहन जब्त किए हैं तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई 24 जनवरी 2026 को शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच चांदखेड़ी रोड स्थित कॉलोनी के रास्ते पर की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर हुंडई i20 (MP 07 CD 9283) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अरमान खान (पिता अमीन खान) और जावेद कुरैशी (पिता शराफत कुरैशी), दोनों निवासी शामगढ़, को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई उसी दिन रात 7:40 से 8:00 बजे के बीच बरखेड़ा नायक से निपाननिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर ग्राम निपाननिया क्षेत्र में की गई। पुलिस ने नाकाबंदी कर मारुति सुजुकी ब्रेजा (MP 09 WE 2153) को रोका। वाहन की तलाशी में 7 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 63 लीटर पाई गई। इस मामले में रिंकू (पिता बंशीलाल प्रजापत) निवासी मधुर कॉलोनी, शामगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जब्त शराब और वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किन स्थानों पर की जानी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।