नीमच। जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में आज 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साह, गरिमा एवं जागरूकता के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराना तथा लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता की शपथ ली, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं एसआईआर एवं निर्वाचन प्रक्रिया में सराहनीय योगदान देने वाले बीएलओ तथा कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह निष्पक्ष, निर्भीक एवं जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना तथा नागरिकों में जागरूकता एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में एडीएम बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, नायब तहसीलदार संजय मालवीय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।