मंदसौर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सुशासन भवन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अदिती गर्ग के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। इस दौरान 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवयुवकों और नवयुवतियों को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र (ई-पिक कार्ड) वितरित किए गए। पहली बार मतदान करने जा रहे युवा मतदाताओं में इस अवसर को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर अदिती गर्ग ने सभी कार्मिकों की मेहनत की सराहना की और कहा कि मंदसौर जिले में (एसआईआर) कार्य गंभीरता एवं सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदाता सूची में कोई भी जानकारी अपूर्ण हो तो समय रहते उसे सही कराएं और लोकतंत्र की नींव मतदाता से जुड़ी है। कार्यक्रम में मतदाता सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहां अधिकारियों, युवा मतदाता एवं नागरिकों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।