चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लि. निम्बाहेड़ा के पाटनी पब्लिक स्कूल में एनसीसी कैडेट्स के लिए फायरिंग एवं निशानेबाजी के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 72 कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
वंडर सीमेंट लि. के यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन ने इस शिविर के आयोजन के लिए स्कूल स्टाफ और एनसीसी यूनिट की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्रों में अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास विकसित होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
प्रशिक्षण शिविर का नेतृत्व 2 राज आर व वी रेजिमेंट एनसीसी, नवनिया द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान, कैडेट्स को ड्रिल दिशा निर्देशों के अनुसार हथियारों पर सही ढंग से पकड बनाते हुए फायरिंग तकनीक सिखाई गई। इस दौरान सभी कैडेट्स ने फायरिंग एवं निशानेबाजी के प्रशिक्षण के नए अनुभवों को आत्मसात किया। उल्लेखनीय है कि पाटनी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास हेतु उत्कृष्ट शिक्षण के साथ-साथ इस प्रकार के एनसीसी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में जिम्मेदारी, अनुशासित जिवन और भविष्य के सक्षम नागरिकों को तैयार करने के प्रति अपने लक्ष्य का पूर्ण निर्वहन किया जा रहा है।