नीमच। जिले में 77वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर परंपरागत गरिमा, अनुशासन और देशभक्ति के उत्साह के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया गया। इसके बाद मध्यप्रदेश गान हुआ तथा मुक्त आकाश में आजादी के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए।

समारोह में परेड कमांडर विक्रम सिंह भदौरिया एवं सुरेश सिसोदिया के नेतृत्व में सीआरपीएफ नीमच, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेना, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन, स्काउट, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल की टुकड़ियों ने अनुशासनबद्ध कदमताल करते हुए शानदार परेड प्रस्तुत की। हर्ष फायर के साथ परेड ने दर्शकों को गर्व से भर दिया। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

मुख्य समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। नगरपालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, आदिम जाति कल्याण, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला पंचायत, उद्यानिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों की झांकियों ने शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों एवं भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों एवं मूकबधिर छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक पीटी प्रदर्शन एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश पाटीदार और मंजूला धीर ने किया।
