छतरपुर। जिले की रहने वाली इंटरनेशनल महिला क्रिकेटर क्रांति गौंड़ के परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल है। एक तरफ जहां क्रांति ने अपनी ड्रीम कार महिंद्रा थार खरीदकर एक और उपलब्धि हासिल की है, वहीं दूसरी ओर उनके पिता मुन्नालाल गौंड़ की करीब 14 साल बाद पुलिस सेवा में वापसी हुई है।
क्रांति ने 24 जनवरी 2026 को महिंद्रा कंपनी की थार गाड़ी खरीदी। उन्होंने बताया कि थार उनकी ड्रीम कार थी, जिसे हासिल करने के बाद वह बेहद खुश हैं। क्रांति का कहना है कि आने वाले समय में उनकी अगली ख्वाहिश बीएमडब्ल्यू कार खरीदने की है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बना चुकी क्रांति लगातार आगे बढ़ने के लिए मेहनत कर रही हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा बनती जा रही हैं।
इधर, 24 जनवरी 2026 का दिन क्रांति के पिता मुन्नालाल गौंड़ के लिए भी खास रहा। उन्होंने इसी दिन पुलिस लाइन छतरपुर में आमद देकर दोबारा नौकरी ज्वॉइन की। 25 जनवरी को वे सागर वर्दी लेने के लिए रवाना हुए।
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी छतरपुर आईपीएस आदित्य पटले ने बताया कि इंटरनेशनल खिलाड़ी क्रांति गौंड़ के पिता मुन्नालाल गौंड़ ने 24 जनवरी को पुलिस लाइन में आमद दी है। अब वे ऑन रिकॉर्ड उसी तारीख से सेवा में ज्वॉइन माने जाएंगे। आमद के बाद एसपी द्वारा डिस्ट्रीब्यूशन कर उनकी नई तैनाती की जाएगी।
एएसपी ने बताया कि मुन्नालाल गौंड़ का वर्ष 2012 में सस्पेंशन हुआ था, जिसके बाद से वे सेवा से पृथक चल रहे थे। हाल ही में हुए डेवलपमेंट के आधार पर उन्हें बहाल किया गया है।
बेटी की खेल उपलब्धियां, नई कार की खुशी और पिता की वर्दी में वापसी, क्रांति गौंड़ का परिवार आज संघर्ष से सफलता तक की मिसाल बन गया है।