देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षाेल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर गांव के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव में निकाली गई प्रभात फेरी से हुई, जिसमें उत्तर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय प्राथमिक विद्यालय, गैलेक्सी लिटिल स्टार, ज्ञानोदय विद्या मंदिर, सनातन पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति नारों और गीतों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में पहुंची।
विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर आकर्षक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित ग्रामीणों ने सराहा। मंचासीन अतिथियों में सरपंच शिवकन्या अम्बाराम गुर्जर, बद्रीलाल पटेल, उपसरपंच मदनलाल पाटीदार रामविलास पाटीदार, श्यामसुंदर पाटीदार, कालूराम शर्मा, बाबूलाल पचवात, मुकेश पाटीदार, तुलसीराम पाटीदार (वकील) ग्राम पंचायत सचिव दिनेश जोशी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं देश के लिए शहीद हुए वीरों के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। स्वराज भवन मे भी ध्वजा रोहण किया गया।
विद्यालय की प्राचार्य प्रियंका देवड़ा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, देशभक्ति और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गांव के युवा मित्र मंडल द्वारा सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।