मंदसौर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अदिति गर्ग रहीं, जिन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। पूरे परिसर में देशभक्ति का उल्लास देखने को मिला।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 8.55 बजे कलेक्टर अदिति गर्ग समारोह स्थल पर पहुंचीं। प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान की धुन के साथ उपस्थित जनसमूह देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया।
ध्वजारोहण के पश्चात प्रातः 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इसके बाद प्रातः 9.17 बजे मुख्यमंत्री के प्रदेशवासियों के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया, जिसमें शासन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 9.37 बजे परेड दल द्वारा हर्ष फायर किया गया। वहीं प्रातः 9.45 बजे आकर्षक एवं अनुशासित मार्च पास्ट का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।