चित्तौड़गढ़। शहर के प्रतापनगर क्षेत्र की रहने वाली अमरप्रीत कौर ने कराटे खेल में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उन्हें उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। अमरप्रीत कौर, प्रभजोत सिंह अरोड़ा की पुत्री हैं और उन्होंने 69वीं राज्य स्तरीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
राज्य स्तर की इस प्रतियोगिता में अमरप्रीत ने अपने दमदार खेल, अनुशासन और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कड़े मुकाबलों के बीच उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता के बाद उनका चयन राजस्थान कराटे टीम में किया गया है।
अब अमरप्रीत कौर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता पुणे में आयोजित होगी, जहां देशभर के बेहतरीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अमरप्रीत की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में खुशी का माहौल है। अमरप्रीत कौर की यह उपलब्धि चित्तौड़गढ़ जिले के लिए गौरव की बात है।