खरगोन जिले के महेश्वर नगर के गांधी चौक स्थित शारदा सदन ग्रंथालय में सोमवार की रात मां रेवा सुर संगम मंच के तत्वाधान में देशभक्ति गीतों से सजी भव्य संगीत निशा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें देशप्रेम, त्याग और बलिदान को समर्पित गीतों ने श्रोताओं के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत कर दी। सुरों और तालों के संग पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मंच से एक के बाद एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। संस्था के सुनील गाडगे, मुकेश कौशल, विशाल तारे, मुकेश हिरवे, हर्षित शर्मा, सुरेश शिंदे, मनीषा बजाज एवं रेखा रन्सोरे ने अपनी सुमधुर गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वीर जवानों के शौर्य, मातृभूमि की महिमा और देश के प्रति समर्पण को दर्शाते गीतों पर श्रोताओं ने जोरदार तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कई प्रस्तुतियों पर श्रोता भावविभोर होकर झूमते दिखाई दिए।
कार्यक्रम में श्रोताओं के रूप में शारदा सदन ग्रंथालय के संरक्षक जितेंद्र नेगी, मनोज गौड, दिलीप सोनी, मनोज पाटीदार, दिलीप पाटीदार, श्याम सोनी, विवेक कंठाली, अनिल राठौर, खेमराज चौहान, प्रतिक महाजन सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने देर रात तक देशभक्ति संगीत का भरपूर आनंद लिया। संगीत निशा के दौरान शारदा सदन ग्रंथालय परिसर अनुशासन, सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के अंत में मां रेवा सुर संगम मंच के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों, श्रोताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के राष्ट्र प्रेरक सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।