नीमच। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नीमच जिला जेल परिसर देशभक्ति और मानवीय संवेदनाओं का सजीव उदाहरण बना। जेल प्रशासन द्वारा यह राष्ट्रीय पर्व गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रातः 9 बजे जेलर नारायण सिंह राणा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा बंदियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में “तूफान ऑर्केस्ट्रा” के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “संदेसे आते हैं” और “वंदे मातरम्” जैसे गीतों ने जेल परिसर को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। गीतों पर बंदी भाव-विभोर होकर झूम उठे और उनके चेहरों पर खुशी की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर श्री नवकार सेवा संस्थान, नीमच की महिलाओं ने बंदियों को मिष्ठान वितरण कर सकारात्मक जीवन का संदेश दिया। संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष कल्पना मोगरा ने योग, प्राणायाम और ध्यान को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने जेल प्रशासन से बंदियों के लिए नियमित योग-ध्यान की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया।
संस्थान की अध्यक्ष माया वीरवाल ने कहा कि आत्मपरिवर्तन और सद्विचारों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। संस्थान की सदस्यों ने बंदियों से संवाद कर उन्हें बुरी आदतों का त्याग, समाज की मुख्यधारा में लौटने और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी, जेल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाबू तूफान ने किया, जबकि अंत में संस्था की सचिव भावना चौधरी ने आभार व्यक्त किया।